बुधवार रात थाना चिरगांव के संतरी का डेरा में बालू का खनन के दौरान हादसे का शिकार हुए प्रमोद की जान चली गई। जबकि साथी बाल-बाल बच गया था। बृहस्पतिवार सुबह घटना से नाराज परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाहर हंगामा किया। पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बुधवार को थाना चिरगांव के संतरी का डेरा निवास प्रमोद राजपूत (30) व उसके साथी बालमुकुंद घर पर थे। इसी बीच गांव का रहने वाला कपिल तिवारी ट्रेक्टर में मिट्टी डालने की बात कहकर जबरन घर से मजदूरी कराने की कहकर ले गया था। आरोप है कि मिट्टी का काम न कराकर कपिल उसे बालू के घाट पर ले गया था। यहां घाट पर पहुंचकर प्रमोद व उसके साथी बालमुकुंद ने काम करने से मना कर दिया था, लेकिन दवाब के चलते दोनों काम करने लगे। इसी बीच ट्रेक्टर में बालू भरते समय अचानक बालू का टीला ढह जाने के कारण प्रमोद दब गया। यह देखकर साथी ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। साथी की सूचना पर ग्रामीणों ने पहुंचकर प्रमोद को बाहर निकालकर मेडिकल काॅलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर पाकर परिजन भी मेडिकल काॅलेज पहुंच गए। पुलिस ने भी शव को कब्जे में लिया। बृहस्पतिवार सुबह कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा कियाा, लेकिन किसी तरह पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने गांव के ही कपिल तिवारी की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है।