अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बरुआसागर थाना इलाके में दो दिन से लापता ग्राम प्रधान के भतीजे की लाश खेत में मिली। उसके हाथ में बिजली के करंट लगने के निशान मिले हैं। परिजन ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
बरुआसागर थाना इलाके के ग्राम उजयान निवासी लालाराम का पुत्र लवकुश सहारिया (22) सोमवार को गांव के शोभरन के खेत में पानी लगाने गया था। इसके बाद वह लौटा नहीं। मृतक के चाचा ग्राम प्रधान राघवेंद्र सहारिया ने बताया कि परिवार के सभी लोग उसकी तलाश में जुटे थे। खेत पर तलाश करने के साथ ही पूरे गांव में उसकी खोजबीन की गई थी, लेकिन उसका पता नहीं चल सका था।बुधवार की सुबह गांव के एक व्यक्ति ने शोभरन के खेत में भतीजे लवकुश की लाश पड़े होने की सूचना दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंच गए और सूचना पुलिस को दी। चाचा प्रधान ने बताया कि जिस जगह शव मिला, वहां परिवार के लोग मंगलवार को देखकर आए थे। तब वहां कुछ नहीं था और बुधवार को शव मिल गया। उन्होंने बताया कि उसके बाएं हाथ में करंट के निशान है, लेकिन बिजली के तार शव से तकरीबन 10-15 फीट की दूरी पर है। उन्होंने कहा कि हालात बता रहे हैं कि किसी ने हत्याकर शव खेत में फेंका है। पुलिस निष्पक्ष ढंग से जांच करे, ताकि सच्चाई सामने आ सके।इसके अलावा, उन्होंने बताया कि करीब 15 साल पहले फूफा काशीराम का शव भी खेत में मिला था। उनके शरीर पर भी करंट के निशान थे लेकिन अब तक उनकी मौत का खुलासा नहीं हो पाया है। बरुआसागर थाना प्रभारी शिवजीत सिंह ने बताया कि खेत में लवकुश का शव मिला है। हाथ में करंट के निशान हैं। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी।