संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला पंचायत राज विभाग ने ग्रामीण स्तर पर शैक्षिक स्तर सुधारने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में छह-छह खगाेलीय लैब खोलने का निर्णय लिया था। अब तक सिर्फ जखौरा और तालबेहट में एक-एक लैब ही तैयार हो पाई है। अन्य जगहों पर प्रगति शून्य है।
ग्राम पंचायत रानीपुरा में मॉडल के रूप में लैब तैयार की गई है। यह लैब विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष में मात्र दो लाख रुपये से तैयार की गई। इसके बाद प्रत्येक ब्लॉक में प्रथम चरण में छह लैब तैयार करने का निर्णय लिया गया। सभी ग्राम प्रधानों व सचिवों को निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों के विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष बने हैं, वहां खगोलीय लैब तैयार करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके बाद विकास खंड तालबेहट अंतर्गत ग्राम कड़ेसरा कलां में एक खगोलीय लैब बनाई गई। इसके अलावा अन्य किसी ग्राम पंचायत ने इस कार्ययोजना पर कार्य नहीं किया। जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन मिश्रा ने बताया कि आचार संहिता समाप्ति के बाद इस कार्ययोजना पर कार्य किया जाएगा। सचिवों को इस संबंध में पत्र जारी कर लैब का निर्माण कराया जाएगा।