झांसी। शहर में कई क्षेत्रों में 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोग परेशान रहे। कुछ इलाकों में ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली गुल रही। वहीं, एक ट्रॉली ट्रांसफार्मर हटाने की मांग को लेकर कारोबारियों ने धरना भी दिया।
दतिया गेट बाहर थापक बाग फीडर के गुलाम गौस खां और सुपर कॉलोनी जैसे इलाकों में बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे ट्रांसफार्मर खराब हुआ। सैकड़ों घरों में 16 घंटे से अधिक बिजली नहीं रही। बिजली शुक्रवार शाम करीब चार बजे बहाल हो सकी। बृहस्पतिवार रात दुनारारा और हंसारी में भी करीब डेढ़ घंटे तक बिजली बाधित रही। शुक्रवार सुबह मुन्नालाल पावर हाउस के तहत आने वाले इलाकों में भी बिजली आपूर्ति बाधित हुई। स्थानीय निवासियों संतोष, सुनाल साहू, मिथुन और अजय झा ने परेशानी बताई।
ट्रॉली ट्रांसफार्मर पर कारोबारियों का धरना
रानीमहल पावर हाउस के बड़े बाजार में मुरली मनोहर मंदिर के सामने एक ट्रॉली ट्रांसफार्मर पिछले छह माह से मुख्य मार्ग पर है। इसके जर्जर तारों से करंट फैलने का खतरा बना है। वार्ड 59 के पार्षद संजीव गुप्ता के नेतृत्व में एक सौ से अधिक कारोबारी शुक्रवार दोपहर धरने पर बैठे। पुलिस और बिजली कंपनी के अधिकारियों ने सुबह तक ट्रांसफार्मर हटाने का आश्वासन दिया, तब कारोबारी हटे। एसडीओ 11 केवी मोहम्मद मेहताब ने जल्द ट्रॉली ट्रांसफार्मर हटाने का आश्वासन दिया।