मोंठ। क्षेत्र में बारिश के बाद पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग उमस व गर्मी से बेहाल रहे। बिजली न मिलने से घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे गए, जिससे लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। सुबह तक बिजली आपूर्ति सामान्य न होने से लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने बताया कि पूरी रात बिजली न आने से छोटे बच्चों, बुजुर्ग व मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। इन्वर्टर की बैटरी खत्म होने के बाद पंखे व अन्य विद्युत उपकरण बंद हो गए, जिससे उमस से लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो सकी। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होना आम बात हो गई है। उन्होंने विद्युत विभाग से बारिश के समय आने वाली तकनीकी खराबी का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। संवाद