गल्लामंडी और न्यू गल्लामंडी सबस्टेशन से जुड़े क्षेत्रों में बिजली की समस्या को दूर करने के लिए दुनारा से नई हाइटेंशन लाइन को चालू कर लिया गया है। इस लाइन के चालू होने से अब उक्त सबस्टेशनों को तीन जगह से करंट मिलने लगा है। दोनों सबस्टेशनों से 40 हजार से अधिक आबादी जुड़ी है। शहर के सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों को गल्लामंडी और न्यू गल्लामंडी सबस्टेशन से बिजली मिलती है। पहले ये सबस्टेशन हंसारी ट्रांसमिशन सबस्टेशन से जुड़ा थे, लेकिन नौ महीने से इन सबस्टेशन को बड़ागांव के दुनारा स्थित 220 केवीए ट्रांसमिशन सबस्टेशन से जोड़ दिया गया है। दुनारा से गल्लामंडी तक 21 किलोमीटर की हाइटेंशन लाइन डाली गई है। जब से दुनारा से इन सबस्टेशनों को जोड़ा गया है तब से संबंधित क्षेत्र के लोग बिजली के लिए लगातार परेशान रहे हैं। पिछले 20 दिन से आ रहे फाल्टों के कारण संबंधित क्षेत्रों की 70 घंटे से अधिक बिजली बंद रही। मगर विभाग ने अब दुनारा से आई एक दूसरी नई हाइटेंशन लाइन को चालू कर लिया है। ये लाइन न्यू गल्लामंडी सबस्टेशन के लिए बनाई गई थी। - दुनारा से आई नई हाइटेंशन लाइन को भी दुरुस्त कर लिया गया है। थोड़ा बहुत मरम्मत कार्य बचा है। मगर एक -दिन में संबंधित क्षेत्रों को लगातार बिजली मिलने लगेगी। गल्लामंडी और न्यू गल्लामंडी के पास अब बिजली लेने के तीन विकल्प तैयार हो गए है। अनुभव कुमार, अधिशासी अभियंता (द्वितीय)। ये हैं समस्याएं हंसारी से गल्लामंडी आने वाली हाइटेंशन लाइन 10 किलोमीटर दूरी से आती थी, जबकि दुनारा से यह दूरी 21 किलोमीटर है। यह लाइन हाइवे के किनारे से आई है। कई जगह अंडर ग्राउंड (जमीन के अंदर से) भी है। बारिश में अंडर ग्राउंड लाइन में पानी भरने पर फाल्ट हो जाते हैं। इतना ही नहीं दिगारा के पास स्थित क्रशर क्षेत्र से भी यह लाइन गुजर कर आती है। क्रशर क्षेत्र में होने वाली ब्लॉस्टिंग से भी फाल्ट होते रहते हैं। यह क्षेत्र जुड़े गल्ला मंडी और न्यू गल्लामंडी सबस्टेशन से गोलाकुआं, बड़ाबाजार, घासमंडी, लक्ष्मीगेट, तिलयानी बजरिया, बंगलाघाट, अंदर बड़ागांव गेट, गुदरी, डरू भौंडेला, पुरानी पसरट, ओम शांति नगर, सागर गेट, कैलाश रेजीडेंसी, अजय इनक्लेव, गल्ला मंडी मार्ग, मदकखाना, कपूर टेकरी, कसाई मंडी, तालपुरा, खुशीपुरा, बाहर ओरछा गेट, डड़ियापुरा, शिवजी नगर, नारायण बाग और आसपास के क्षेत्र जुड़े हैं।