भीषण गर्मी में शहरवासियों को बिजली खूब रुला रही है। न इसके आने का और न जाने का वक्त तय है। लोगों के लिए पल- पल काटना मुश्किल हो रहा है। नंदनपुरा, प्रेमनगर, सीपरी बाजार, गल्लामंडी, न्यू गल्लामंडी, उन्नाव गेट पंचवटी सबस्टेशन से जुड़े उपभोक्ताओं को 24 घंटे में 19 घंटे ही बमुश्किल बिजली मिल पा रही है। बिजली की आवाजाही से 100 से अधिक क्षेत्र के लोगों की दिनचर्या बिगड़ गई है। विभाग इसके लिए ओवर लोडिंग व रखरखाव को कारण बता रहा है। बुंदेलखंड के शहरी क्षेत्रों को 24 और ग्रामीण क्षेत्रों को 20 घंटे बिजली देने का रोस्टर चल रहा है। भीषण गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने से हंसारी ट्रांसमिशन सबस्टेशन पर रखे उच्च क्षमता के 40 एमवीए के एक व 63 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर की मदद से शहर के 13 सबस्टेशनों को बिजली दी जाती है। यहां से स्थिति ठीक है, लेकिन सबस्टेशनों से जुड़े ट्रांसफार्मरों को बचाने के लिए बार- बार बिजली काटी जा रही है। इससे से प्रेमनगर, नंदनपुरा,गल्लामंडी, न्यू गल्लामंडी, सीपरी बाजार व पंचवटी सबस्टेशन से जुड़े क्षेत्रों के हालत सबसे ज्यादा खराब हैं। इनमें प्रेमनगर और नंदनपुरा सबस्टेशन से जुड़े क्षेत्रों की बिजली को अलग- अलग वक्त दो से तीन घंटे तक काटा जा रहा है। बीच में भी बिजली आती- जाती रहती है। इस समस्या के कारण नंदनपुरा व प्रेमनगर सबस्टेशन से जुड़े नंदनपुरा, ताज कंपाउंड, ब्रह्मनगर कॉलोनी, आवास विकास, केकेपुरी, ईसाई टोला, खातीबाबा, लहरगिर्द, रक्सा, संगमविहार मुरारी नगर, प्रेमनगर, नैनागढ़, कृष्णा कॉलोनी, खैरा व आसपास क्षेत्र के लोगों का जीना दूभर हो गया है। इसी तरह सीपरी बाजार खालसा सबस्टेशन की बिजली दो से चार घंटे तक काटी जा रही है। बिजली न आने से जर्मनी, रायगंज, टंडन रोड, मसीहागंज, साहनी कॉलोनी, आईटीआई सिद्देश्वर नगर, नालगंज, चित्रा चौराहा, मैला की टौरिया, ग्वालटोली और आसपास क्षेत्र के लोग परेशान हैं। इ गल्ला मंडी व न्यू गल्लामंडी सबस्टेशन से जुड़े क्षेत्रों में बमुश्किल 19 घंटे बिजली दी जा रही है। सबस्टेशन की हाइटेंशन लाइन में फाल्ट आने से अघोषित कटौती की जा रही है। इस कटौती के कारण गोलकुआं, गुदरी, बड़ा बाजार, लक्ष्मी गेट, सागर गेट, बंगलाघाट, पारेश्वर, अंदर बड़ागांव गेट, तिलयानी बजरिया, बकरा मंडी, ओरछा गेट, कसाई मंडी, कपूर टेकरी, तालपुरा, खुशीपुरा, बस स्टैंड, ओमशांति नगर, कैलाश रेजीडेंसी, अजय इनक्लेव, बैंकर्स कॉलोनी व आसपास क्षेत्र के लोग बेहद परेशान हैं। 24 घंटे बिजली देने की पोल खोली भीषण गर्मी में बिजली विभाग की 24 घंटे आपूर्ति देने की पोल खुल गई है। महानगर में 17 सबस्टेशन हैं। इन सबस्टेशनों से 100 फीडर जुड़े हैं, जिनसे महानगर के 1.17 लाख उपभोक्ताओं के घर में बिजली पहुंचती है। इस बार गर्मियों में बिजली की समस्या न हो, इसके लिए विभाग ने पूरी तैयारी करने का दावा किया था। इसके लिए सभी सबस्टेशनों पर मेंटेनेंस का काम किया गया। मगर, ऐसा नहीं हो सका। महानगर में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। मगर, मांग बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मर ओवर लोड हो रहे हैं। उनको बचाने के लिए अघोषित कटौती करनी पड़ रही है। कुछ जगह रखरखाव काम भी चल रहे हैं। - मनोज कुमार पाठक, मुख्य अभियंता (वितरण)।