झांसी। कबाड़ की दुकान को पोर्टाकेबिन का रूप देने वाले नगर निगम के अधिकारियों ने महानगर का पहला केबिन सीएमओ कार्यालय के पास रखा है। यहां से सभी प्रकार का स्क्रैप खरीदा जाएगा, जिसमें प्लास्टिक वेस्ट भी शामिल है।
स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ रहे झांसी महानगर में नगर निगम ने अपनी जमीन पर स्क्रैप व्यापारियों के लिए आकर्षक व विश्वसनीय पोर्टाकेबिन लगाना शुरू कर दिया है। कबाड़ियों को अधिक आमदनी हो, इसके मद्देनजर मार्केट का सर्वे कर इन स्थानों को चुना गया है। पोर्टाकेबिन दुकान का पहला नमूना मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के पास जीवनशाह-बीकेडी मार्ग पर रखा गया है। वैज्ञानिक तरीकों से इन दुकानों को कुछ इस प्रकार से बनाया गया है कि ये गर्मी में ज्यादा नहीं तपेगी और जाड़ों में ज्यादा ठंडी नहीं होंगी।
दुकानों के आगे तीन फीट का प्लेटफॉर्म बनाया गया है। यह दुकानें सुविधानुसार एक से दूसरे स्थान पर ले जाई जा सकेंगी। प्रत्येक दो वार्ड में एक दुकान के नियम के तहत महानगर में कुल 30 पोर्टाकेबिन लगाए जाएंगे। इन दुकानों को वार्डों में स्थित स्कूल, हॉस्पिटल, डिस्पेंसरी, होटल, विवाह घराें, स्वैच्छिक संस्थानों व सरकारी कार्यालयों आदि से जोड़ा जाएगा, ताकि यहां पर उनके कचरे एवं प्लास्टिक वेस्ट को बेचा जा सके। इसके अलावा ध्यानचंद स्टेडियम के पास, मिशन गेट के पास, बस स्टैंड व मेडिकल कॉलेज गेट 2 पर भी इन्हें स्थापित किया जाएगा।