लॉकडाउन के दौरान राशन की समस्या से जूझ रहे लोगों को सरकार ने राहत दी है। 15 अप्रैल से हर राशन कार्ड धारक को मुफ्त पांच किलो चावल का वितरण किया जाएगा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारकों को राशन दुकानों से वितरण किया जाएगा। इसे लेकर सोमवार को डीएम आंद्रा वामसी ने निर्देश जारी किए हैं।
लॉकडाउन को लेकर एक अप्रैल से जिले की 794 राशन दुकानों पर वितरण कार्य शुरू करा दिया गया था। जिले में करीब 80 फीसद दुकानों पर राशन वितरण का काम पूरा हो चुका है। वहीं सरकार ने 15 अप्रैल से 26 अप्रैल तक राशन दुकानों से पांच किलो चावल का वितरण कराने के निर्देश दिए हैं। हर कार्डधारक को प्रति यूनिटर पांच किलो चावल मुफ्त मिलेगा। इसे लेकर डीएम ने निर्देश जारी किए हैं।
डीएम ने आदेश में कहा है कि राशन दुकानों पर हर हाल में 13 अप्रैल तक चावल पहुंचा दिया जाए। डीलर 15 अप्रैल से मुफ्त चावल का वितरण करेंगे। अगर कहीं से कार्डधारक से वसूली की शिकायत मिलती है, तो डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए दुकानों पर नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। जिनकी देखरेख में सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन का पालन कराते हुए चावल का वितरण किया जाएगा।
इसके साथ ही जिन पात्र लाभार्थियों को ई-पॉस मशीन में अंगूठे का मिलान नहीं होने के चलते राशन नहीं मिल सका है, उन्हें प्रॉक्सी से राशन का वितरण 12 अप्रैल को किया जाएगा। डीएसओ तीर्थराज यादव ने बताया कि निशुल्क चावल वितरण को लेकर कोटेदारों को निर्देश दे दिए गए हैं। लोग 15 अप्रैल से राशन दुकान से प्रति यूनिट निशुल्क पांच किलो चावल ले सकेंगे।
आटे की दिक्कत को लेकर लिया फैसला
दरअसल, अब तक राशन दुकानों पर गेहूं का वितरण किया जा रहा था। लेकिन गेहूं के वितरण के बाद आटा पिसवाने के लिए लोग बाहर निकल रहे हैं और लॉकडाउन का पालन नहीं हो पा रहा है। सरकार ने इसलिए पांच किलो चावल देने का निर्णय लिया है।