झांसी। पालीटेक्निक कालेज में वर्चस्व को लेकर हुए संघर्ष में चिह्नित 29 छात्रों में से पांच को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई करके कोर्ट में पेश कर दिया। वहीं, शनिवार को कालेज परिसर में सुरक्षा के चलते काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
शुक्रवार की दोपहर में पालीटेक्निक कालेज के छात्रों के दो गुटों के बीच संघर्ष हो गया था, इसमें शिक्षक समेत छह लोग घायल हुए थे। छात्रों ने कालेज व हास्टल में तोड़फोड़ करते हुए पथराव किया था। पुलिस ने लाठी चार्ज करके काबू पाया।
कालेज प्रशासन ने संघर्ष करने वाले 29 छात्रों की सूची बनाकर कार्रवाई के लिए थाना पुलिस के हवाले कर दी थी, इस पर शनिवार को पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करके शिवम् प्रजापति पुत्र विनोद कुमार प्रजापति निवासी मोहल्ला शुक्ला थाना करन मिर्जापुर, सूर्य उदय प्रकाश पुत्र ओमप्रकाश निवासी नौसड़ थाना बेलीपार गोरखपुर, शंहशाह अली पुत्र शेखावत अली निवासी विकास नगर कानपुर देहात,
सौरभ राय पुत्र रामसागर निवासी बेनीपुर सावना बनारस व अनूप पाल पुत्र लालजी पाल निवासी बेरमपुर थाना अरोश मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि अपने को श्रेष्ठ साबित करने को लेकर उन्होंने मारपीट करते हुए तोड़फोड़ की।
थाना प्रभारी ने बताया कि छात्रों के खिलाफ कोई तहरीर नहीं मिली है, जिसकी वजह से कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। वहीं, एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि कालेज प्रशासन द्वारा सौंपी गई 29 छात्रों की सूची पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।