झांसी।
पालीटेक्निक कालेज के मैदान में शुक्रवार की देर रात हो- हल्ला कर रहे छात्रों को सबक सिखाने के लिए पुलिस ने हास्टल को घेर लिया। हालांकि, छात्रों द्वारा हॉस्टल के अंदर बिजली बंद कर लेने पर पुलिस लौट गई।
पालीटेक्निक कालेज में सीनियर और जूनियर छात्रों के हास्टल एक ही परिसर में बने हुए हैं। शुक्रवार की रात करीब ग्यारह बजे एक वर्ग के 40 से 50 छात्र एकत्रित होकर हास्टल के पीछे बने मैदान में पहुंच गए। मैदान में पहुंचने के बाद हो- हल्ला शुरू कर दिया। वे किसी झगड़े के लिए रणीनीति बनाते दिख रहे थे। इस बात का पता चलते ही सीपरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही छात्र हास्टल के अंदर घुस गए। पुलिस ने हास्टल के अंदर पहुंचकर छात्रों से पूछताछ करने का प्रयास किया, लेकिन उन सभी ने अपने कमरों की बिजली को बंद कर लिया। पुलिस आधी रात के बाद भी हास्टल पर निगरानी बनाए रही।