अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। लोकसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए रविवार को भोजला मंडी से पोलिंग पार्टियों की रवानगी होगी। इसके लिए प्रशासनिक अमला रविवार की देर रात तक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा रहा। पोलिंग पार्टियां जिले में बनाए गए 905 मतदान केंद्रों में स्थित 1586 बूथों पर मतदान की कमान संभालेंगी।
लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा होने के साथ ही मतदान कार्मिकों की ड्यूटी लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। चुनाव ड्यूटी के लिए सात हजार कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिन्हें रविवार को मतदान की जिम्मेदारी सौंपकर रवाना किया जाएगा। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी समेत चार कर्मियों को शामिल किया जाएगा। कार्मिकों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए 400 बसों की व्यवस्था की गई है। शनिवार की देर रात तक प्रशासनिक अमला मतदान कार्मिकों की रवानगी की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा रहा।