सिपाहियों ने रेलवे के चाबीमैन को पीटा
झांसी। दतिया गेट फिल्टर क्रॉसिंग पर बुधवार की सुबह रेलवे के एक चाबीमैन के साथ पुलिस के दो सिपाहियों ने मारपीट और दुर्व्यवहार किया। उसे थाने ले जाकर दो घंटे तक बंद रखा। साथियों के थाने पहुंचने के बाद उसे छोड़ा गया। इस मामले से पटरियों पर काम करने वाले कर्मचारियों में रोष व्याप्त रहा।
बुधवार की दोपहर दतिया गेट फिल्टर क्रासिंग नंबर 118 पर गेटमैन उमेश कुमार तैनात थे। साथ में चाबीमैन उमेश रायकवार की ड्यूटी थी। चाबीमैन का काम क्रासिंग के दोनों तरफ तीन-तीन किलोमीटर तक सेक्शन में पटरिया व उनकी चाबियां की जांच करना था। सुबह करीब नौ बजे गेटमैन ने चाबीमैन से कहा कि ट्रेन आने वाली है, गेट पर जाकर सिगनल बोर्ड चेक कर आओ। चाबीमैन ने बोर्ड चेक किया और वहीं मोबाइल पर बात करने लगा। इस बीच कोबरा टीम के दो सिपाही मौके पर पहुंचे और चाबीमैन से मोबाइल का बिल मांगने लगे। चाबीमैन ने कहा कि वह रेल सेवक है और मोबाइल का बिल घर पर रखा है। इस बात का सिपाहियों को बुरा लग गया और उन्होंने चाबीमैन को तमाचे जड़ दिए। बाद में उसे जबरन गाड़ी पर बिठाकर कोतवाली ले गए। इस बात का पता जब साथी कर्मचारियों को लगा तो उन्होंने उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। सभी एकत्रित होकर कोतवाली पहुंच गए। सिपाहियों ने जब मामला बिगड़ता देखा तो उन्होंने चाबीमैन को छोड़ दिया।