विवाहघरों में बढ़ती चोरी की वारदातों से निपटने के लिए पुलिस ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। तय किया है कि जिन विवाहघरों में सीसीटीवी कैमरे, पार्किंग स्थल नहीं होंगे और कर्मचारियों का सत्यापन नहीं कराया गया होगा, उनके संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महानगर में करीब दो सौ विवाहघर हैं।
31 अक्तूबर से 14 दिसंबर तक सहालग में शहर के तमाम विवाहघरों में चोरी की कई वारदातों हुई हैं। महिलाओं के पर्स और पुरुषों की बाइकें चोरी जाने के तमाम मामले कोतवाली, सीपरी बाजार नवाबाद, प्रेमनगर, सदर बाजार और प्रेमनगर थाने पहुंचे। कुछ दर्ज हुए तो कई को तहरीर लेकर टहला दिया गया। लगातार आ रही शिकायतों पर जागी पुलिस ने अब विवाहघर संचालकों पर शिकंजा कसने का निर्णय लिया है। अब सहालग तीन फरवरी से शुरू होनी है। पुलिस की योजना है कि इससे पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं।
एसपी सिटी देवेश पांडेय ने बताया कि महानगर के सभी विवाहघर संचालकों को नोटिस जारी करके सीसीटीवी कैमरों, पार्किंग और कर्मचारियों के सत्यापन के बारे में पूछा जाएगा। सभी को इन कमियों को पूरा करने के लिए दो महीने का समय दिया जाएगा। इस अवधि में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं करने वाले विवाहघर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सभी का रजिस्ट्रेेशन नहीं
हम पुलिस के हर फैसले के साथ हैं। हमारे एसोसिएशन में करीब 100 विवाह घर रजिस्टर्ड हैं। बकाया मानक को ताक पर रखकर चल रहे हैं। ऐसे विवाहघरों के खिलाफ कार्रवाई होना जरूरी है।
विवेक दत्त स्वामी, अध्यक्ष, बुंदेलखंड विवाह स्थल एसोसिएशन