झांसी। एसटीएफ के छापे में ट्रक से बरामद हुए गांजा की खेप आगरा भी पहुंचनी थी। पड़ताल के बाद अब सीपरी पुलिस आगरा भी जाएगी। पुलिस को पकड़े गए आरोपियों के पास मिले मोबाइल नंबरों से महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पड़ताल के दौरान पुलिस को सुराग भी हाथ लगे हैं।
बीते शनिवार को एसटीएफ व नारकोटिक्स टीम ने सीपरी बाजार पुलिस के साथ ग्वालियर मार्ग पर ट्रक से 15 क्विंटल गांजा की खेप बरामद की थी। मौके से पुलिस ने जिला मथुरा के फरह थाना अंतर्गत रैपुरा गांव निवासी बासुदेव सिंह, रिंकू कुमार व जिला हाथरस के अहबरनपुर गांव निवासी बॉबंी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पूछताछ में पता चला है कि गांजा की खेप आंध्र प्रदेश के एक जिले से लाकर हाथरस के मुरसान जानी थी। टीम को पड़ताल में यह भी पता चला है कि गांजा का कुछ हिस्सा मऊरानीपुर भी पहुंचना था। आरोपियों के पास से मिले मोबाइल की जांच के बाद गांजा तस्करों के तार आगरा से जुड़ रहे हैं। पुख्ता जानकारी के बाद सीपरी बाजार पुलिस आगरा जाने की तैयारी में है।
वाहनों पर रखी जा रही सख्त नजर
जिले में दो बार ट्रक से गांजा की खेप पकड़ने के साथ स्थानीय पुलिस भी सतर्क हो गई है। हाइवे पर पुलिस को सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच की जा रही है।