अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सालों पुराना टोटका निभाते हुए झांसी पुलिस ने साल के पहले दिन किसी फरियादी की रिपोर्ट दर्ज न करके नई जीडी की शुरुआत तमंचे, कच्ची शराब अथवा जुआरियों के पकड़ने की फर्द के साथ की। जनपद के 25 थानों में गुडवर्क के 17 मामले दर्ज हुए। हालांकि, सिटी सर्किल के थानों की जीडी पहले दिन सूनी रही। यहां कोई गुडवर्क भी दर्ज नहीं हुआ। पुलिस के लिहाज से साल का पहला दिन सुकून से बीता।
साल के पहले दिन से थाने का अपराध रजिस्टर बदल जाता है। क्राइम नंबर एक से नए रजिस्टर की शुरुआत होती है। अधिकांश थानेदार अभी भी इस टोटके को मानते हैं कि साल के पहले दिन जिस तरह के मुकदमे दर्ज होंगे, साल भर उन्हीं के इर्द-गिर्द थाना घूमेगा। 31 दिसंबर की रात 12 बजे के बाद सिटी सर्किल के थानों को छोड़कर रक्सा, बबीना, टहरौली, बरुआसागर, सकरार, उल्दन, मोंठ, चिरगांव, मऊरानीपुर, पूंछ, टोड़ीफतेहपुर समेत अन्य थानों में नई जीडी की शुरुआत कच्ची शराब की बरामदगी से हुई। वहीं, साल के पहले दिन फरियादी गुहार लेकर थाने के चक्कर ही काटते रहे।
इनसेट
रक्सा : नए साल पर तड़के दबिश देकर कच्ची शराब समेत आठ क्वार्टर अंग्रेजी शराब की बरामदगी समेत दो की गिरफ्तारी।
- बड़ागांव : तड़के दबिश देकर गोरामछिया से सुनील अहिरवार को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। सुनील गैंगस्टर समेत अन्य कई मामलों में वांछित था।
बबीना : पहले दिन तड़के दबिश देकर तुलसीराम वंशकार के पास से कच्ची शराब बरामद करके उसे गिरफ्तार किया गया।
उल्दन : नए साल में आधी रात को उल्दन पुलिस ने जुआ खेल रहे जुआरियों को पकड़कर उनका चालान किया।