विधानसभा चुनाव शांति पूर्वक कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है। 939 मतदान केंद्रों पर चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग से अर्द्ध सैनिक बल, पीएसी और पुलिस फोर्स की मांग की है।
जिले में चार विधानसभा सीटों के लिए नवाबाद थाना क्षेत्र में 26, कोतवाली में 37, सदर बाजार में नौ, सीपरी बाजार में 40, प्रेमनगर में 39, रक्सा में 43, बड़ागांव में 36, बबीना में 56, टहरौली में 42, उल्दन में 37, बरुआसागर में 33, सकरार में 21, मोंठ में 41, शाहजहांपुर में 23, चिरगांव में 52, समथर में 46, पूंछ में 36, मऊरानीपुर में 83, कटेरा में 21, लहचूरा में 31, टोड़ीफतेहपुर में 43, गुरसराय में 48, एरच में 39, गरौठा में 38, ककरबई में 19 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। इन मतदान केंद्रों की अभेद सुरक्षा करने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने चुनाव आयोग से काफी संख्या में अर्द्ध सैनिक बल, पीएसी और पुलिस फोर्स की मांग की है।
सीओ सिटी जंग बहादुर सिंह ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्वक कराने के लिए 64 कंपनी अर्द्ध सैनिक बल, आठ कंपनी पीएसी और सात हजार पुलिस कर्मी व होमगार्ड्स की मांग की गई है। चुनाव से पहले अर्द्ध सैनिक बल और पुलिस फोर्स मिल जाएगा जिससे फ्लैग मार्च कराया जाएगा। लोगों को संदेश दिया जाएगा कि वह बिना किसी भय के मतदान करें। उन्होंने बताया कि मांगे गए सुरक्षा बल के ठहराने के सारे प्रबंध कर लिए गए हैं।