- बीते दो-तीन जनवरी की रात हुई थी चोरी की वारदात
- दो आरोपी पकड़े, तीसरे की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
दतिया। बीते दो-तीन जनवरी की रात उनाव-बालाजी स्थित सूर्य मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने 14 दिन बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी में शामिल दो चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से नगदी व कुलप के टुकड़े बरामद किए हैं। जबकि इनके तीसरे साथी की पुलिस तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि उनाव बालाजी स्थित सूर्य मंदिर में दो-तीन जनवरी की रात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर परिसर में रखी दान पेटियों से लाखों रुपये की नगदी, मंदिर के अंदर घुसकर सूर्य भगवान का कुलप व अन्य सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने नागरिकों को तीन दिन में चोरी का खुलासा करने का आश्वासन दिया था। समय सीमा गुजर जाने के बाद जब चोर पकड़ में नहीं आए तो आक्रोशित नागरिकों ने कस्बा के मुख्य चौराहे पर जाम लगाकर रोष भी जताया था। पुलिस भी लगातार चोरों को तलाश रही थी। बुधवार को पुलिस ने आरोपी आकाश उर्फ छोटू पुत्र प्रकाश अहिरवार निवासी होमगार्ड कॉलोनी दतिया एवं नारायण पुत्र हरी वंशकार निवासी मेला ग्राउंड भांडेर को गिरफ्तार कर उनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपियों ने एक अन्य साथी के साथ बालाजी मन्दिर से चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने इनके पास से बालाजी मन्दिर से चोरी हुआ एक पीतल का स्टैंड, चांदी के कुलप के टुकड़े व साढ़े 15 हजार रुपये जब्त किए। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल दिया गया।