अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। टहरौली के खिल्लावारी गांव में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों की झड़प में चारों घायल बुधवार को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिए गए। यहां उनको इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। उधर, हमले में नामजद प्रधान पति समेत अन्य की तलाश में पुलिस ने दबिश दी लेकिन, अभी तक कोई भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आया है।
मंगलवार सुबह खिल्लावारी गांव में भाजपा के छत्रपाल दांगी एवं कांग्रेस समर्थक प्रधान पति दिलीप यादव गुट के बीच बीच जमकर मारपीट हुई थी। इसमें दो महिलाओं समेत बारह लोग घायल हो गए। घायलों में छत्रपाल, शिवराज, पीकेंद्र, बद्रीप्रसाद पाठक समेत दूसरे गुट के भूपेंद्र, रामकुमारी, सुनीता समेत अन्य घायल हो गए थे। मारपीट में पीकेंद्र, छत्रपाल, रोहित और अंकित का सिर फूट गया। इनको पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को यह चारों मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिए गए। उधर, मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने उनके ठिकाने में दबिश दी लेकिन, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। वहीं, कांग्रेस समर्थकों की ओर से भी थाने में तहरीर दी गई है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना कि आरोपियों को तलाशा जा रहा है।