झांसी में समाजवादी पार्टी के गरौठा से पूर्व विधायक दीपनारायन सिंह यादव के आरटीओ के पास घर पर बीती रात भारी संख्या में पुलिस बल ने दबिश दी। इस दौरान पूर्व विधायक घर पर नहीं थे। वहां उनकी पत्नी पूर्व विधायक मीरा यादव और बेटा मून यादव मौजूद थे। दीपनारायन यादव के न मिलने पर पुलिस उनके बेटे को अपने साथ ले आई। वहीं पुलिस ने रात में दीपनारायण की कॉलोनी स्पेस मून सिटी में भी दबिश दी। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कॉलोनी में मौजूद सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक और मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस इस पूरी कार्रवाई को पूरी तरह से गोपनीय रखे हुए है। अभी अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। बता दें कि 16 सितंबर को कनौज से पेशी पर लाए गए कुख्यात लेखराज सिंह यादव को कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश की गई थी। इस मामले में पुलिस पूर्व विधायक दीपनारायण के रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज चुकी है।