झांसी। किसी के कंधे मेें दर्द होता है तो किसी का हाथ दुखता है। ये वो पुलिसवाले हैं जो बदमाशों को पकड़ते समय गिरकर या फिर हादसे का शिकार हुए। अपराधी तो जेल चले गए, लेकिन पुलिसवालों का दर्द आज भी जस का तस है। सर्द रातों में इन पुलिसवालों को भी दर्द सताता है।
सर्दी बढ़ने के साथ ही पुलिसवालों के भी पुराने जख्म हरे हो गए हैं। इनमें ज्यादातर वे हैं जो क्राइम कंट्रोल के दौरान अपराधियों से भिड़े। किसी को दौड़ लगाकर तो किसी को छत से कूदकर अपराधियों को पकड़ना पड़ा। ऐसे में किसी के सिर, किसी के कंधे या फिर घुटने में गहरी चोट आई। सर्दी बढ़ते ही अब उनके दर्द शुरू हो गया है। अब ऐसे पुलिसवाले अपना इलाज कराने डॉक्टरों के पास पहुंच रहे हैं।
- अपराधी को पकड़ने के दौरान मैं चुटहिल हो चुका हूं। ऐसा कई बार हो चुका है। सर्दी आते ही दर्द बढ़ जाता है। मैं भी अपना पूरी तरह इलाज करा रहा हूं। सावधानियां भी बरतता हूं।
अजय कुमार सिंह, नवाबाद, प्रभारी निरीक्षक
- मेरे हाथ व घुटने में अब भी दर्द है। अपराधियों को पकड़ते समय चोट आई थी। इलाज भी चल रहा है। लेकिन, सर्दी आते ही दर्द बढ़ जाता है। डॉक्टर से भी सलाह ले रहा हूं।
अजय कुमार अवस्थी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक
- कानपुर में एक मुठभेड़ के दौरान अपराधी को भागते समय पकड़ने में मेरे कंधे व हाथ में चोट आई थीं। सर्दी आते ही चोट ताजा हो जाती है। इसका इलाज भी चल रहा है।
रामकुमार सिंह चौहान, बड़ागांव गेट चौकी इंचार्ज
- मैं भी अपराधी को पकड़ते समय घायल हो चुका हूं। अब यह पैर की चोट काफी परेशान कर रही है। सर्दी आते ही दर्द बढ़ जाता है।
प्रमोद तिवारी, इलाइट चौकी इंचार्ज
यह बरतें सावधानियां
- पैरों में गर्म मोजे तथा हाथों में दस्ताने पहनकर ही बाहर निकलें
- रोजाना व्यायाम से पहले शरीर को अच्छी तरह से वार्म करें
- डिस्क की समस्या वाले भारी सामान न उठाएं। तेल की मालिश करें
- गठिया के शिकायत वाले नियमित दवाइयों का सेवन करें
सर्दी में हल्की सी चोट भी भारी पड़ती है। सर्दी शुरू होते ही हमारे पास ऐसे पुलिसकर्मी आने लगे हैं, जिनको पुरानी चोटें ज्यादा परेशान कर रही हैं। पुलिसकर्मी के ध्यान न देने की वजह से सर्दियों में परेशानी बढ़ने लगी है। ठंड में मांसपेशियों में खिंचाव होता है। इससे जकड़न की समस्या शुरू हो जाती है। ऐसे में सूजन, दर्द की समस्या सामने आने लगती है। ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें चोट तो गर्मियों में लगी थी और दर्द सर्दियों में सामने आ रहा है।
डॉ. पारस गुप्ता, विभागाध्यक्ष - हड्डी रोग