झांसी। खुद की शादी की सालगिरह हो या माता-पिता की, बच्चों का जन्मदिन हो या खुद का। पुलिस कर्मचारी अब परिवार की हर खुशी का हिस्सा बन सकेंगे। इसके लिए उन्हें एक दिन का राजकीय अवकाश दिया जाएगा। इस संबंध में पुलिस कप्तान ने दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
पुलिस कर्मचारियों पर छुट्टी का संकट हर समय बना रहता है। यहां तक कि वे अक्सर परिवार की खुशियों में भी शामिल नहीं हो पाते हैं। इसका असर उनकी कार्यशैली पर भी पड़ता है। लेकिन, अब पुलिस कर्मचारी जीवन के खुशी के पल अपनों के बीच बिता सकेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं, जिसके तहत परिवार में माता-पिता, पत्नी, बच्चों व स्वयं का जन्मदिवस हो या शादी की सालगिरह, पुलिस कर्मचारियों को इन खास दिनों का राजकीय अवकाश दिया जाएगा। ये अवकाश थाना प्रभारी /शाखा प्रभारी द्वारा दिया जाएगा। एसएसपी ने अधीनस्थों को उक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।