रानीपुर /झांसी। रानीपुर कस्बे मेें अतिक्रमण के दौरान दुकानदार व पुलिस के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि रानीपुर चौकी इंचार्ज ने दुकानदारों के साथ मारपीट कर दी। घटना से गुस्साए दुकानदारों ने कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। दुकानदारों ने रविवार को बाजार बंद रखने की चेतावनी दी है। सीओ मऊरानीपुर ने रानीपुर पहुंचकर दुकानदारों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने मारपीट से साफ इंकार किया है।
मऊरानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर कस्बे में शुक्रवार शाम चौकी इंचार्ज अतिक्रमण हटवाने गए थे। इसी दौरान दुकानदारों ने विरोध कर दिया जिसको लेकर विवाद की स्थिति खड़ी हो गई। आरोप है कि दुकानदारोें के विरोध करने से नाराज चौकी इंचार्ज ने मारपीट कर दी। दुकानों में भी तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। शनिवार को सीओ मऊरानीपुर प्रदीप कुमार सिंह ने रानीपुर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने एक-एक दुकानदारों के बयान भी दर्ज किए हैं। वहीं, पुलिस की मारपीट से गुस्साए व्यापारियाें ने आंदोलन की चेेतावनी दी है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस पर कार्रवाई की जाए। जिसके विरोध में रविवार को क्षेत्र का बाजार बंद रहेगा। वहीं, रानीपुर चौकी इंचार्ज अभिनेंद्र सिंह ने बताया कि वह पुलिस के साथ अतिक्रमण हटाने गए थे, जिसको लेकर दुकानदारों ने विरोध कर दिया। पुलिस ने किसी के साथ भी मारपीट नहीं की। दुकानों के बाहर कैमरे लगे हैं, जिससे सच्चाई का पता लग जाएगा।