संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए बने परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के लिए डीआईओएस ने एसएसपी को पत्र लिखा है। उन्होंने हर परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती की मांग की है।
उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 22 फरवरी से प्रारंभ हुईं हैं। परीक्षा केंद्रों पर बने स्ट्रांग रूम में प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं को रखा गया है। शासन ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए थे। बावजूद परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के रात में नहीं पहुंचने की शिकायत शिक्षा विभाग के पास पहुंच रही है। रविवार रात को भी निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग की टीम को परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल नहीं मिला था। डीआईओएस ने सभी सीओ, सभी एसपी के साथ ही एसएसपी से सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती करने की मांग की है।
टीमों को निरीक्षण में अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर पुलिस नहीं मिली थी। पत्र लिखकर सभी सीओ, सभी एसपी और एसएसपी से केंद्रों पर पुलिस भेजने की मांग की है। - राजेश कुमार सिंह, डीआईओएस