- भीड़ को तितर-बितर करने को उपयोग होने वाले उपकरण और शस्त्रों का किया प्रयोग
- एसपी के निर्देशन में पुलिस लाइन मैदान में किया गया अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आगामी त्योहार मोहर्रम और श्रावण माह को लेकर शांति सुरक्षा की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण अभ्यास किया गया। अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों ने दंगा नियंत्रण उपकरणों और शस्त्रों का उपयोग किया।
एसपी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में दंगा नियंत्रण अभ्यास किया गया। अभ्यास के दौरान भीड़ को तितर-बितर करने के लिए उपयोग किए जाने वाले उपकरणों का प्रयोग किया। जिसमें अश्रु गैस के गोले, टीयर स्मोक सेल, हैंड ग्रेनेड, डाई मार्कर, रबर बुलेट गन, एंटी राइट गन व टीयर गैस गन जैसे शस्त्रों को चलाया गया। साथ ही इनका उपयोग करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। दंगा नियंत्रण अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को ही आपस में बांटकर दो पार्टियां बनाई गई थीं। जिसमें एक दंगाई भीड़ और दूसरी पार्टी पुलिस रही थी। एसपी ने अवैधानिक भीड़ को नियंत्रित करने तथा असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए होने वाली विधिक प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही मानवाधिकारों के तहत आवश्यक बल प्रयोग करने के बारे में जानकारी दी। इस दौरान सभी सभी सीओ, थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
दंगा नियंत्रण अभ्यास के बाद पुलिस फोर्स ने किया फ्लैग मार्च
आगामी त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए सड़कों पर फ्लैग मार्च किया। जिसमें सदनशाह चौराहा, अजीतपुरा, महावीरपुरा, इमाम चौक, आजाद चौक, सावरकर चौक, घंटाघर, तुवन चौराहा, रिजर्व पुलिस लाइंस सहित शहर के प्रमुख मार्ग, बाजार क्षेत्र शामिल है। इस दौरान राहगीरों व आमलोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का एहसास दिलाया।
-
साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर एसपी ने ली सलामी
पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का एसपी ने निरीक्षण कर सलामी ली। साप्ताहिक परेड में मौजूद प्रशिक्षु आरक्षियों को परेड की बारीकियों के बारे में बताया। इसके साथ ही एसपी ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द, स्टोर, आर्मरी आदि का निरीक्षण किया।