झांसी। हिस्ट्रीशीटर बदमाश गुलशन यादव की संपत्ति की पड़ताल पुलिस ने नए सिरे से शुरू कराई है। लहर गिर्द के खोड़न इलाके में उसकी ओर से कब्जा की गई जमीन तलाशी जा रही है। इसमें पुलिस समेत राजस्व टीम लगी हुई है। बताया जा रहा है कि गुलशन यादव ने बाहुबल का इस्तेमाल करके यहां कई जगह जमीन पर कब्जा जमाया हुआ है। पिछले साल हुई पुलिस कार्रवाई में इस जमीन के बारे में मालूम नहीं चला लेकिन, अब कई नए गाटा के बारे में पता चला है। इनमें सरकारी जमीन समेत प्राइवेट लैंड शामिल है। जल्द ही गुलशन यादव के खिलाफ नए सिरे से कार्रवाई की तैयारी है।
नगर निगम का पूर्व उपसभापति गुलशन यादव की पिछले साल मई महीने में पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोलने के साथ ही गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। इसके बाद उसके खिलाफ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 20 हजार स्क्वायर फीट जमीन से उसका अवैध कब्जा हटाया। यहां अपने बाहुबल के दम पर उसने सरकारी गाटा संख्या 1781, 1782, 1783 के जुज भाग पर कब्जा करके आलीशान कोठी बना ली। पिछले साल नगर निगम ने यह इमारत जमींदोज कर दी लेकिन, अभी भी लहरगिर्द में गुलशन यादव के कब्जे में जमीन के कई टुकड़े हैं। इनके बारे में अभी तक पुलिस को पता नहीं था। यहां पर महानगर के कई प्रतिष्ठित लोगों की जमीन है। इस पर गुलशन का कब्जा है। अभी तक इनकी शिकायतें सामने नहीं आई थीं लेकिन, अब इन शिकायतों के सामने आने के बाद पुलिस ने फिर से जांच शुरू कराई। ग्वालटोली निवासी आकाश यादव समेत अन्य ने भी इस बारे में एसएसपी के पास पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इन शिकायतों में सामने आई जमीनों की नए सिरे से पैमाइश कराई जा रही है। बता दें कि गुलशन यादव सीपरी बाजार थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। यहां उसके खिलाफ हत्या, अपहरण, रंगदारी मांगने समेत अन्य संगीन आरोप में मुकदमे दर्ज हैं। कुछ दिनों पहले ही उसे झांसी जेल से आगरा शिफ्ट किया गया है। सीपरी बाजार इंस्पेक्टर संजय शुक्ला के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद जांच कराई जा रही है।