झांसी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बनने वाले आवासों को जल्द ही तैयार किया जाएगा। इसके लिए झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा करारी, अंबावाय, बिजौली व सिमराहा में 4228 मकानों को बनाने का निर्णय लिया था। जिसमें से करारी में आवासों को निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। बाकी अन्य जगहों के लिए भी विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर प्रक्रिया के पूरा होते ही निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। आवासों के लिए 7584 लोगों ने आवेदन किया था। जिनका आवंटन लाटरी पद्धति से किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत जिले में खैलार में 384, अंबावाय में 624, बिजौली में 423, करारी में 2368 व सिमराहा में 480 मकानों को बनाया जाना तय किया गया था। जिसके तहत मकानों को तीस वर्ग मीटर के क्षेत्रफल में बनाया जाएगा। प्रत्येक मकान में दो कमरों के साथ ही शौचालय और बालकनी का निर्माण होगा। करारी में मकानों के निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। अन्य जगहों के लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर प्रक्रिया के पूरा होते ही निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। पूर्व में किए गए आवेदनों की जांच जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के द्वारा कराई जा रही है। आवेदन अधिक होने पर जिलाधिकारी के द्वारा गठित कमेटी के द्वारा लाटरी पद्धति से आवंटन किया जाएगा।
योजना में मकान की कीमत साढ़े चार लाख रुपये तय की गई है। जिसमें दो लाख रुपये लाभार्थी को अदा करना होगा व ढाई लाख रुपये सरकार के द्वारा दिया जाएगा। योजना में लाभार्थी को पचास-पचास हजार की की किश्तों में रुपयों को अदा करना होगा। योजना में लाभार्थी की सालाना आय तीन लाख रुपये से कम व देश में कही भी मकान नहीं होने की शर्त लागू की गई है। जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार ने बताया कि योजना के तहत मकानों को तैयार किया जा रहा है। प्रक्रिया के पूरा होते ही निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद लाभार्थियों को मकानों आवंटित कर दिया जाएगा।
यहां कर सकते है आवेदन
पीएम आवास के लिए इच्छुक आवेदक जिलाधिकारी कार्यालय, झांसी विकास प्राधिकरण के कार्यालय के अलावा ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते है।