झांसी। शनिवार को इंडियन ग्रामीण क्रिकेट लीग में 12 - 12 ओवरों के चार मैच खेले गए। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपने खेल का बेहतर प्रदर्शन किया।
पहले मुकाबले में रॉक क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 12 ओवरों में 42 रन बनाए, जिसमें मुदीन के 20 रन शामिल हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए सिजवाहा क्रिकेट क्लब ने छठे ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 43 रन बना लिए। बल्लेबाज संतोष ने 20 और अभिषेक ने 17 बनाए। मैन आफ द मैच संतोष को चुना गया।
दूसरे मुकाबले में महरौनी क्रिकेट क्लब ललितपुर ने निर्धारित ओवरों में 103 रन बनाए। सनी खान ने 21 तो आसिफ ने 17 रन ठोके। लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यू बॉयज क्रिकेट क्लब मात्र 80 रन ही बना सकी। विजेता टीम के गेंदबाजों में गुलाम रसूल ने दस रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट लिए, जिन्हें मैन आफ द मैच चुना गया।
तीसरे मैच में राइडर क्लब झांसी ने पहले बल्लेबाजी कर 120 रन बनाए ।सीटू ने 32 तो ज्ञानेंद्र ने 21 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रायल इलेविन महज 81 पर ढेर हो गई।
चौथे मैच में लुहरगांव ने सात विकेट के नुकसान पर 137 बनाए, दिनेश ने लीग का पहला अर्द्धशतक जमाते हुए 59 रन बनाए। जवाब में बजरंग क्लब 112 रन ही बना सकी।
इस अवसर पर आईजीसीएल के चेयरमैन डा. अनुराग सिंह भदौरिया, उपजिलाधिकारी भगवान शरण, पूर्व सांसद पं विश्वनाथ शर्मा, राजीव राय, रोहित पांडेय, अंपायर अमरेंद्र यादव, अनुज यादव, स्कोरर विकास यादव व मीडिया मैनेजर रोहित श्रीवास्तव व हरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।