झांसी: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में राजकीय पॉलिटेक्निक केंद्र में पवन कुमार साहू की जगह मो. इलियास परीक्षा देते पकड़ा गया है। बायोमेट्रिक उपस्थिति से मामले का खुलासा हुआ है। इस मामले में सीपरी बाजार थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
शनिवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे की पाली में प्रयागराज के पवन कुमार साहू का ग्वालियर रोड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में परीक्षा केंद्र था। परीक्षा से पहले सभी परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई। बायोमेट्रिक उपस्थिति के मिलान के दौरान पता चला कि पवन की जगह कोई और परीक्षा दे रहा है। सख्ती से पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम मो. इलियास बताया, जो कि वाराणसी का रहने वाला है।
परीक्षा के नोडल अधिकारी और एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ला ने बताया कि इलियास को पुलिस पकड़कर सीपरी बाजार थाने ले गई। उसके खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।