झांसी। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में समाजवादी पार्टी के बलिया सांसद सनातन पांडेय ने तीखा हमला करते हुए कहा कि दशकों तक श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे में गड़बड़ी आस्था से खिलवाड़ है। भगवान का चंदा चुराने वालों को न जनता माफ करेगी, न भगवान। इसका पूरा सच जनता के सामने आना चाहिए। सांसद ने कहा कि एसआईटी की जांच सिर्फ दिखावा करने के लिए है। जांच पूरी तरह से स्क्रिप्टेड है। उनका आरोप है कि जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं की जा रही है, इससे वास्तविक दोषियों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है।
मंगलवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों के साथ बात करते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कानून व्यवस्था के मामले पर भी प्रदेश सरकार को नाकाम ठहराया। उन्होंने कहा सरकार हर मोर्चे में विफल साबित हो रही है। सरकार न किसानों को फायदा दे पा रही है, न युवाओं को रोजगार दे रही है। सांसद के झांसी पहुंचने पर वरिष्ठ नेता चंद्र प्रकाश मिश्रा की अगुवाई में सपा कार्यकर्ताओं ने करारी में स्वागत किया। उनको स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान राहुल मिश्रा, नवनीत मिश्रा, अनिरुद्ध, विजय तिवारी, नितेश त्रिपाठी, अंकित शर्मा, अंगद मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहे।