People disturb for hot session september last
झांसी। सितंबर अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। इसके बावजूद उमस भरी गर्मी से लोगों के हाल बेहाल हैं। आसमान में बीच-बीच में आकर उड़ जाने वाले बादल बारिश की आस पर पानी फेर रहे हैं। मौसम विभाग ने इस सप्ताह ऐसी ही गर्मी रहने की संभावना जताई है।
अगस्त के अंतिम सप्ताह में झांसी में झमाझम बारिश हुई थी मगर सितंबर की शुरूआत होते ही एकदम से वर्षा थम गई। पारा चढ़ने की वजह से वातावरण की ठंडक भी धीरे-धीरे गर्मी में बदलती चली गई। सोमवार को अधिकतम पारा 36 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। दिन भर लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ी। हालांकि, दोपहर ढाई बजे के आसपास आसमान में बादल छाए और हल्की सर्द हवाएं चलने लगीं तो लगा कि बारिश होगी। लेकिन कुछ ही देर में हवाएं के साथ बादल उड़ गए। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह आगामी एक-दो दिन हल्की बारिश हो सकती है लेकिन हफ्ते के अंतिम दिनों में आसमान खुला होने से सूरज की तपिश लोगों को झेलनी पड़ेगी। यानी कि सितंबर के अंत तक भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है।
ये रह सकता पारा
दिन अधिकतम
मंगलवार 33
बुधवार 31
बृहस्पतिवार 32
शुक्रवार 34
शनिवार 35