झांसी। कमिश्नरी सभागार में बुधवार को मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में मंडलीय पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। जिसमें पेंशनरों के लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया। अदालत में दो प्रकरण पूर्व पेंशन अदालत के पेश किए गए। जिनके निस्तारण को लेकर बताया गया कि एक प्रकरण में सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त के पर्यवेक्षक को 90 प्रतिशत जीपीएफ का भुगतान कर दिया गया है। शेष 10 प्रतिशत का भी जल्द ही भुगतान कर दिया जाएगा। दूसरे प्रकरण में अवगत कराया गया है कि सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त सहायक अभियंता को जीआईएस का भुगतान कर दिया गया है। शेष का जल्द भुगतान किया जाएगा।
इस मौके पर सिंचाई विभाग ललितपुर के सेवानिवृत्त सहायक अभियंता के उपादान का भुगतान न होने पर 15 दिन में निस्तारण के निर्देश दिए गए। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के सेवानिवृत्त अनुदेशक के पेंशन पुनरीक्षण एवं चिकित्सा प्रतिकूल का भुगतान न किये जाने के बारे में जानकारी दी गई। बेसिक शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त प्रधान सहायक को पारिवारिक पेंशन के संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि वादी को नियमानुसार पेंशन देय नहीं है। इस पर मंडलायुक्त ने बेसिक शिक्षा अधिकारी झांसी के पेंशन अदालत में उपस्थित न होने पर गंभीरता से लेते हुए चेतावनी पत्र निर्गत करने के निर्देश दिए। इस मौके पर कई अन्य प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इस मौके पर अपर आयुक्त प्रशासन आरपी मिश्रा, कोषागार एवं पेंशन के अपर निदेशक रामकृपाल बिंद, संयुक्त निदेशक महेश पांडेय, सहायक कोषाधिकारी संजीव सरावगी मौजूद रहे।
26 अक्तूबर तक कराएं प्रवेश
झांसी। बुंदेलखंड विवि के परिसर में संचालित बीएससी प्रथम वर्ष बायो और मैथ में छात्र-छात्राएं 26 अक्तूबर तक प्रवेश लें सकते हैं। समन्यवक डॉ. धीरेंद्र शर्मा ने बताया कि 26 अक्तूबर के बाद प्रवेश संभव नहीं होगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं ने जल्द प्रवेश लेने के लिए कहा है।