झांसी। मूंगफली की खरीद में किसानों से हुई अवैध वसूली की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। इस मामले में पीसीयू के कर्मचारियों समेत कुछ अफसरों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव यूनियन लिमिटेड (पीसीयू) द्वारा भोजला मंडी में मूंगफली के दो खरीद केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। किसानों ने प्रति क्विंटल खरीद पर 250 से 300 रुपये अवैध वसूली की शिकायत की थी। साथ ही अतिरिक्त मूंगफली लेने का भी आरोप लगाया था। बबीना और गरौठा विधायक ने भी इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की थी। डीएम आंद्रा वामसी ने जांच के लिए एडीएम की अगुवाई में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है। डीएम आंद्रा वामसी ने बताया कि रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। अगली कार्रवाई शासन स्तर से होगी।