झांसी। तापमान में उतार-चढ़ाव से वायरल और मच्छरजनित बीमारियां फैल रही हैं। कई रोगियों में डेंगू और मलेरिया के लक्षण हैं, लेकिन जांच में पुष्टि नहीं हो पा रही है। इससे सिम्टोमैटिक (लक्षण) उपचार किया जा रहा है। वहीं, नए दो रोगियों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन की ओपीडी में रोगियों की संख्या बढ़ गई है। बुधवार को जिला अस्पताल में 60 तो मेडिकल कॉलेज में एक सौ से ज्यादा रोगी बुखार के आए।
मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सक एवं डीन डॉ. नूतन अग्रवाल ने बताया कि कई रोगियों में डेंगू और मलेरिया के लक्षण हैं, मगर जांच में पुष्टि नहीं हो रही है। किसी रोगी को ठंड लगने से तेज बुखार आ रहा है, तो किसी को बिना ठंड लगे तेज बुखार आ रहा है। कई रोगियों की प्लेटलेट्स भी कम हो रही हैं। इन रोगियों को लक्षण और हालात के हिसाब से उपचार किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि कई रोगियों को तेज बुखार की वजह से भर्ती किया जा रहा है।
दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि
वहीं, जिला मलेरिया अधिकारी आरके त्रिपाठी ने बताया कि दो रोगियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें गुरसराय की 33 वर्षीय महिला तो मऊरानीपुर के 61 वर्षीय बुजुर्ग हैं। इन दोनों रोगियों के क्षेत्र में विभाग की टीमों ने चेकिंग के साथ छिड़काव किया है।