झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीज दो सप्ताह पहले लापता हो गया। अब परिजन मरीज की तलाश में रोजाना अस्पताल पहुंच रहे हैं मगर उन्हें मरीज के बारे में सही जानकारी कोई नहीं दे पा रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नारायण बाग स्थित एक स्कूल में परमलाल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। सांस फूलने पर दो सप्ताह पहले परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। सास सुनीता ने बताया कि पहले दिन उनके दामाद को टीबी वार्ड में भर्ती किया गया। फिर डिस्चार्ज कर दिया। घर आने पर दामाद की तबीयत फिर बिगड़ गई तो दोबारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां से उसे वार्ड नंबर आठ में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि किडनी खराब हो गई हैं। सुनीता ने बताया कि उनकी बेटी राखी दिव्यांग है।
अस्पताल में परमलाल के भर्ती रहने के दौरान जब उनकी बेटी की भी तबीयत खराब हो गई तो वो राखी को घर ले आईं। पांच दिन बाद जब वो दामाद को अस्पताल देखने गईं तो वह नहीं मिला। अस्पताल का स्टाफ कभी इमरजेंसी तो कभी आईसीयू जाकर देखने के लिए कहता रहा। वह हर जगह गईं मगर दामाद का कुछ पता नहीं चला। अब परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मामले में सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि शुक्रवार रात में इस मामले की सूचना मिली है। शनिवार की सुबह परिजनों को बुलाया है। पड़ताल कराई जाएगी।