झांसी जिले में एक निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत हो गई। नाराज परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस अफसरों ने समझा-बूझकर किसी तरह नाराज परिजनों को शांत कराया।
नवाबाद थाना क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत हो गई। रविवार दोपहर नाराज परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ सिटी स्नेहा तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंच गई। पुलिस अफसरों ने समझा-बूझकर किसी तरह नाराज परिजनों को शांत कराया।
विज्ञापन
नंदनपुर निवासी रामलाल (43) पुत्र जीत राम हृदय रोग से पीड़ित था। परिजनों ने चार दिन पहले उसे निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। परिजनों का कहना है उसी दिन उसका ऑपरेशन किया गया। इसके बाद परिवार के लोगों को भी मिलने नहीं दे रहे थे।
ऑपरेशन के बाद उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। नाराज परिजन डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सीओ सिटी स्नेहा तिवारी के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।