संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों को परेशान कर दिया है। झेलम एक्सप्रेस, तिरुपति हमसफर, सचखंड, उत्कल जैसी ट्रेनें पांच घंटे से अधिक की देरी से चल रही हैं। ऐसे में जिन यात्रियों को इन ट्रेन से सफर पूरा करने के बाद दूसरी ट्रेन पकड़नी थीं, उनकी लिंक ट्रेनें छूट गईं। वहीं, कई लोगों के पार्सल भी समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं।
रविवार को दिल्ली की ओर से आने वालीं ट्रेनों में झेलम एक्सप्रेस 6:30 घंटे, तिरुपति हमसफर एक्सप्रेस छह घंटे, सचखंड एक्सप्रेस पांच घंटे, उत्कल एक्सप्रेस 3:30 घंटे, श्रीधाम एक्सप्रेस दो घंटे, दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस 1:30 घंटे, नवयुग एक्सप्रेस 1:30 घंटे, महाकौशल एक्सप्रेस 1:30 घंटे, जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस 1:20 घंटे की देरी से झांसी पहुंची। वहीं, दिल्ली की ओर जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस रविवार को चार घंटे की देरी से झांसी पहुंची। वहीं, अमृतसर एक्सप्रेस 3:30 घंटे, पंजाब मेल तीन घंटे, मालवा एक्सप्रेस 2:30 घंटे, पातालकोट एक्सप्रेस दो घंटे, एपी संपर्क क्रांति 1.45 घंटे, दुर्ग सुपरफास्ट 1:30 घंटे, यशवंतपुर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस एक घंटे सहित अन्य ट्रेनें भी देरी से झांसी आईं। इसको लेकर यात्रियों ने रेलवे से रोष भी प्रकट किया है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन के लेट होने के चलते उनकी आगे की यात्रा वाली ट्रेनें छूट गई हैं। कई यात्रियों ने रेल मदद पर शिकायत दर्ज कराई की ट्रेनें लेट होने के चलते उनका महत्वपूर्ण पार्सल भी समय पर नहीं पहुंच पाए हैं। इसको लेकर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीछे के मंडलों में विकास कार्यों के चलते ट्रेनें देरी से चल रही हैं।