- मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत नगर निगम की कार्ययोजना तैयार
झांसी। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत नगर निगम ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। इसमें सीपरी ओवरब्रिज के सुंदरीकरण से लेकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए देखभाल केंद्र निर्माण तक शामिल है। जल्द ही इसे जिला स्तरीय समिति की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
इस योजना के तहत जल निकासी, रोड निर्माण, स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक केंद्र या सभागार, मुख्य वाणिज्यिक क्षेत्र का विकास या सौंदर्यीकरण कराया जा सकता है। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में सुविधाएं बढ़ाने के लिए हरित क्षेत्र, पार्क, बच्चों के खेलने के लिए मैदान आदि के निर्माण से लेकर पार्किंग तक की सुविधा विकसित की जा सकती है। अब स्थानीय निकाय निदेशालय की ओर प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिका और नगर पंचायतों से मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत कार्ययोजना मांगी गई है। बताया गया कि नगर निगम की ओर से नौ परियोजनाओं को कार्ययोजना में शामिल किया है। इसमें सीपरी ओवरब्रिज का सौंदर्यीकरण शामिल है। ओवरब्रिज के नीचे के हिस्से को भी चमकाया जाएगा। साथ ही वरिष्ठजनों के लिए प्रस्तावित देखभाल केंद्र में उनके रहने से लेकर इंडोर गेम्स और लाइब्रेरी आदि की भी सुविधा होगी। कई अन्य प्रस्ताव भी कार्ययोजना में शामिल किए गए हैं।
इस योजना के तहत कार्ययोजना तैयार हो चुकी है। जल्द ही जिला स्तरीय समिति की बैठक में इसे प्रस्तुत किया जाएगा। कमेटी से मंजूरी मिलने के बाद निदेशालय को भेजा जाएगा। बजट आवंटन होते ही नियमानुसार निविदा प्रक्रिया कराकर कार्य शुरू कराए जाएंगे। - आकांक्षा राणा, नगर आयुक्त।