झांसी/बबीना। नया सवेरा ट्रस्ट की ओर से चल रही बबीना प्रीमियर लीग (बीपीएल) में शनिवार को बबीना स्थित दशहरा मैदान पर परबई चैंपियंस और पारीछा के बीच मैच खेला गया। जिसमें परबई की टीम ने तीन विकेट से मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बेहतरीन प्रदर्शन करने पर धर्मेंद्र को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पारीछा की टीम ने 164 रन बनाए। जिसमें ऋषभ ने 53 और कप्तान कुणाल ने 27 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी परबई की टीम ने खिलाड़ी धर्मेंद्र के 62 और अंकुश के 24 रनों के बदौलत 16.3 ओवरों में ही तीन विकेट से मैच जीत लिया। संस्था के अध्यक्ष यशपाल सिंह यादव ने सभी का आभार जताया। प्रतियोगिता के दोनों सेमीफाइनल मैच रविवार को होंगे। जिसमें पहला मैच बीएचईएल और रक्सा चैलेंजर्स के बीच व दूसरा मैच परबई चैंपियंस और बरुआसागर जिंजर्स के बीच खेला जाएगा।
अजहर उद्दीन, कांबली और सबा करीम फाइनल में रहेंगे मौजूद
झांसी। बीपीएल प्रतियोगिता का फाइनल मैच 16 फरवरी को बबीना स्थित दशहरा मैदान पर खेला जाएगा। जिसमें भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर अजहर उद्दीन, विनोद कांबली और सबा करीम खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित करेंगे।