झांसी। सर्किट हाउस से सटे नुमाइश ग्राउंड पर पार्क बनाया जाएगा। इसका निर्माण झांसी विकास प्राधिकरण कराएगा। जेडीए उपाध्यक्ष चंद्र विजय सिंह ने पार्क के लिए जमीन की नापजोख और पूरा खाका बनाने के निर्देश दिए हैं। इस्टीमेट तैयार किया जा रहा है।
खाली पड़े नुमाइश ग्राउंड पर गंदगी पसरी रहती है और इसका कोई इस्तेमाल भी नहीं है। जेडीए की नजर इस पर पड़ी और फैसला हुआ कि यहां खूबसूरत पार्क विकसित किया जाए। इससे सर्किट हाउस के आसपास की तस्वीर भी सुंदर हो जाएगी। यह काम जेडीए को सौंपा गया है। अवस्थापना निधि से पार्क विकसित किया जाएगा। तय हुआ है कि पार्क के चारों ओर साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा। मार्निंग वॉकर्स के लिए भी यह पार्क खोला जाएगा। साइकिल के जरिए एक्सरसाइज कर सकते हैं।
सुगंधित फूल, छायादार पेड़ और डिजाइनर शेड भी होंगे। इसके लिए विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। प्रवेश निशुल्क होगा। निगरानी के लिए सुरक्षागार्ड तैनात किए जाएंगे। एक साल के भीतर पार्क तैयार होने की उम्मीद है। जेडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि पार्क बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही काम भी शुरू करवा दिया जाएगा।
पंचतंत्र पार्क में फिर चलेगी ट्वाय ट्रेन
जेडीए के पंचतंत्र पार्क में ट्वाय ट्रेन फिर चलेगी। इसके लिए जेडीए बोर्ड बैठक में प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है। दो साल संचालन ठप है। दरअसल एक साल के ठेके में ठेकेदार को घाटा हो रहा था। अब तय हुआ है िक ठेका दस साल का होगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पंचतंत्र पार्क में सुरक्षा के मद्देनजर पीआरडी जवानों तैनात किए जाएंगे। साथ ही पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। क्षेत्रीय थाना भी निगरानी करेगा ताकि लोग परिवार के साथ पार्क में आएं। शिकायत है कि वहां अराजक तत्वों का डेरा रहता है।
एक और साइकिल ट्रैक
हंसारी में निर्माणाधीन साइकिल ट्रैक के काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के कारण काम प्रभावित था। यह साइकिल ट्रैक रेलवे क्रासिंग से लेकर रोडवेज वर्कशाप पुल के पास तक बन रहा है। ट्रैक पर तारकोल का एक और कोट किया जाएगा। साथ ही नजर रखी जाएगी कि वहां कब्जे न हों ताकि साइकिलों का आवागमन आराम से हो सके।