शिवाजी नगर के सुभाषचंद बोस पार्क में टूटी पड़ी कुर्सियां व चारों तरफ फेली गंदगी। अमर उजाला
झांसी। महानगर के पार्कों की बदहाल तस्वीर लगातार सामने आ रही है। शिवाजी नगर स्थित सुभाष चंद्र बोस पार्क में तो हरियाली के नाम पर बदहाली छाई हुई है। चारों ओर कूड़े के ढेर और गंदगी का आलम है। साथ ही, पूरे दिन पार्क में अराजक तत्वों का पूरे दिन जमावड़ा रहता है। इसके चलते पार्क में कॉलोनी के लोग जाते ही नहीं हैं।
महानगर के शिवाजी नगर में बना सुभाष चंद्र बोस पार्क बदहाल है। यहां पर निर्माण कार्य के बाद चारों ओर हरियाली रहती थी, लेकिन अब हरियाली तो छोड़िए एक पौधा तक नहीं है। पेड़ भी कटे पड़े हैं। झूले टूट गए हैं। साथ ही, कई कुर्सियां टूटी पड़ी हैं। इसके अलावा यहां पूरे दिन अराजक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। खुलेआम लोग शराब का सेवन करते हैं और जुआ खेलते हैं। वहीं, पार्क के बाहर अतिक्रमण के चलते वाहनों को खड़ी करने की भी व्यवस्था नहीं है। लोग बताते हैं कि कॉलोनी के लोग पार्क की हालत सुधारने के लिए कई बार पहल कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। शाम के वक्त पूरे पार्क में अंधेरा पसरा रहता है। इसके चलते कॉलोनी के लोग यहां जाना पसंद नहीं करते हैं।
----------
पार्क में चारोें ओर गंदगी रहती है। कई-कई दिनों तक कूड़ा उठता नहीं है। कूड़ेदान भी टूट चुके हैं। अराजक तत्वों का जमावड़ा रहता है।- अजय गुप्ता
-------
पार्क में कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। अगर व्यवस्थाएं ठीक हों, तो पार्क में बैठकर वक्त बिताएं। गंदगी इतनी रहती है कि जाते ही नहीं हैं। - वीरेंद्र कुमार
-------
लोगों की सहूलियत के लिए पार्क का निर्माण कराया गया था, लेकिन यहां सब कुछ बदहाल है। लाइटें तक नहीं हैं। कुर्सियां टूटी हैं।- आरएन शर्मा
---------
पार्क की स्थिति बहुत खराब है। कुछ समय पहले की सुंदरीकरण हुआ था, अब हाल बदहाल है। पार्क की सुविधा आफत बन रही है।- दिनेश सिंह तोमर
शिवाजी नगर के सुभाषचंद बोस पार्क पड़ी शराब की वोतलें व गिलास। अमर उजाला