संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। सोमवार की सुबह स्टेशन मार्ग पर सरकारी अस्पताल के पास एक पार्सल वाहन डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
बड़ागांव झांसी निवासी चालक राजेश कुशवाहा सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे झांसी से पार्सल से भरा वाहन लेकर मऊरानीपुर आए थे। वाहन के सरकारी अस्पताल के आगे पहुंचने पर अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया। उसे बचाने के फेर में तेज रफ्तार पार्सल वाहन असंतुलित हो गया और डिवाइडर की लोहे की रेलिंग को तोड़ते हुए बीच सड़क पर पलट गया। इससे स्टेशन मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। एसडीएम मनोज कुमार भारती ने दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। यातायात को सुचारू बनाए रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए कोतवाली पुलिस को मौके पर तैनात किया गया। पलटे वाहन को क्रेन टहवाकर यातायात सुचारू कराया गया।