झांसी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम बृहस्पतिवार से आरंभ होगा। 29 दिसंबर को सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। अबकी बार 1 जनवरी 2021 को 18 वर्ष आयु पूरी करने वालों को मतदाता बनने का मौका दिया जा रहा। बीएलओ की ड्यूटियां लगा दी गई हैं। तीन हजार से अधिक आबादी वाले केंद्रों में दो बीएलओ तैनात किए गए हैं। सभी ब्लॉकों में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर मतदाताओं को जोड़ने का काम होगा।
तयशुदा समय के मुताबिक पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम जून से पहले पूरा हो जाना था लेकिन, महामारी के प्रकोप से यह काम समय पर नहीं हुआ। उसके बाद अब जाकर इसके पुनरीक्षण का काम शुरू कराया जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से एक अक्तूबर से बीएलओ घर-घर जाकर गणना एवं सर्वेक्षण का काम शुरू करेंगे। 12 नवंबर तक यह काम निपटाना होगा। मतदाता बनने के लिए 1 अक्तूबर से पांच नवंबर के बीच ऑनलाइन माध्यम से आवेदन किए जा सकेंगे। 6-12 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां मांगी जाएंगी। 13-19 दिसंबर के बीच इनका निपटारा होगा। इसके बाद इनकी अलग से सूची बनाकर इनको 20-28 दिसंबर के बीच प्रदर्शित किया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात निर्वाचन नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन 29 दिसंबर को किया जाएगा।
एक नजर में पंचायतों की स्थिति
2015 में हुए पंचायत चुनाव के मुताबिक
कुल ग्राम पंचायत - 496
ब्लॉक - 8
पंचायत सदस्य - 6170
क्षेत्र पंचायत सदस्य - 599
जिला पंचायत सदस्य - 24
कुल मतदान केंद्र - 747
बूथ 1523
कुल मतदाता 884085