सोमवार की देर शाम मेडिकल कॉलेज के पास बने एक नर्सिंग होम में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझाकर परिजनों को शांत किया।
थाना प्रेमनगर के नैनागढ़ मोहल्ला निवासी सुरेश साहू (48) की सोमवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उपचार के लिए सीपरी बाजार स्थित एक हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। यहां से हालत नाजुक होने के बाद परिजन मेडिकल कॉलेज के पास एक प्राइवेट नर्सिंग होम लेकर आए थे। यहां भर्ती कराने के बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने हंगामा कर दिया।
सूचना मिलते ही नवाबाद व विश्वविद्यालय पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। परिजनों का कहना था कि यदि उनकी हालत गंभीर थी तो चिकित्सक समय पर बता देेते, ताकि वह उनको ग्वालियर ले जाते। लापरवाही के चलते उनकी जान चली गई। पुलिस ने परिजनों को किसी तरह समझाकर मामला शांत कराया। परिजनों ने चौकी पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी है।