सीपरी ओवरब्रिज का निर्माण दीपावली तक शुरू होने के आसार
झांसी। सीपरी बाजार ओवरब्रिज के बाकी काम को पूरा करने के लिए कंपनियों के कागजों की जांच को तेजी से पूरा किया जा रहा है। रेलवे की निर्माण शाखा ने तकनीकी कागजात सही मिलने के बाद अब सोमवार से वित्तीय दस्तावेज जांचने का निर्णय लिया है। वित्तीय कागजातों की जांच के बाद पात्र कंपनी को ठेका मिल जाएगा, जिससे दीपावली तक काम शुरू होने की उम्मीद बढ़ जाएगी।
पिछली बार सीपरी बाजार ओवरब्रिज के अधूरे काम को पूरा कराने के लिए 28 जून तक टेंडर मांगे थे, लेकिन तय तिथि तक किसी ने आवेदन नहीं किया। निर्माण शाखा ने कंपनियों से बात करने के बाद दोबारा टेंडर निकाला था। इस बार अधिकारियों ने कंपनियों से बात करके ही टेंडर निकाले हैं। कंपनी को काम के बारे में समझाया गया। उनकी हामी भरने के बाद ही काम को आगे बढ़ाया गया। पांच अगस्त तक ऑनलाइन टेंडर भरे जाने थे। तय तिथि तक दो कंपनियों ने टेंडर डाले। दोनों कंपनियों के तकनीकी दस्तावेजों की जांच को पूरा कर लिया गया है। दोनों ही कंपनियां काम के लिए पात्र पायी गईं हैं। सोमवार से वित्तीय कागजातों की जांच शुरू होगी। इसके पूरा होते ही नामित कंपनी धरातल पर काम शुरू कर देगी। दीपावली तक काम शुरू होने की उम्मीद है।
मालूम हो कि प्रदेश सरकार ने 2012 में ओवरब्रिज निर्माण को स्वीकृति दी थी। राज्य सेतु निगम अपने हिस्से का काम 2016 में पूरा कर चुका है। जबकि, रेलवे अपने हिस्से का काम पिछले पौने तीन साल से कर रहा है। रेलवे ने दिल्ली की मैक्स आउट इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी को ठेका दे रखा था। कंपनी को 22 करोड़ के काम को दो साल में पूरा करके देना था। मगर, कंपनी पौने तीन साल में अपने हिस्से का 55 फीसदी ही काम पूरा कर सकी है। कंपनी की धोखाधड़ी के कारण उसका ठेका निरस्त कर दिया गया। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वित्तीय बिड की जांच पूरी होते ही ओवरब्रिज का निर्माण दोबारा शुरू हो जाएगा।
ये काम बाकी
अभी पटरियों के ऊपर 50 मीटर के छह और सीपरी बाजार टंकी की तरफ 36 मीटर के छह गार्डर रखने का काम बाकी रह गया है। गार्डर आने के बाद पहले सीपरी बाजार टंकी की तरफ 36 मीटर के छह गार्डर रखने का काम होना है। इसके बाद एक साथ 50 और 36 मीटरों के गार्डर के बीच शटरिंग लगाने, सरिया बांधने और सड़क बनाने का काम होगा।