झांसी। विद्या भारती की 28 वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता की ओवर ऑल चैंपियनशिप काशी प्रांत नगरीय ने हासिल की। अवध प्रांत द्वितीय एवं तृतीय गोरखपुर (गोरक्ष प्रांत) रहा।
भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में व्यक्तिगत चैंपियनशिप शिशु वर्ग में गोरखपुर प्रांत की प्रीति गौर, बाल वर्ग में अवध प्रांत के आयुष, कानपुर प्रांत की शैली सिंह, किशोर वर्ग में काशी के सारिब, अवध क ी अनीता भारद्वाज, तरुण वर्ग में धर्मेंद्र कुमार यादव व अवध प्रांत की शिवालिका ने हासिल की।
इससे पूर्व रविवार को हुई प्रतियोगिताओं में तरुण वर्ग में 5000 मीटर तेज चाल में गोरखपुर की ममता व अनिकेत सिंह विजयी रहीं। किशोर वर्ग की तीन हजार मीटर तेज चाल में काशी की सोनिया कुमार व विनय विश्वकर्मा बालिका व बालक वर्ग में जीते। प्रतियोगिता पश्चात हुए समापन कार्यक्रम में विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक डा. नीरज कुमार पांडेय ने मेडल प्रदान किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों में जो शिक्षक प्राण प्रण से काम कर रहे हैं, वह सराहनीय है।
इस अवसर पर अध्यक्ष डा. हरीमोहन गुप्ता, विशिष्ट अतिथि अंतर्राष्ट्रीय धावक धीरज सिंह परिहार, क्षेत्रीय मंत्री विद्या भारती राम कृष्ण चतुर्वेदी, प्रबंधक डा. उदय पाल सिंह, रमेश चंद्र तलवाड़, प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी हरीश चंद्र गुप्ता, राम लखन उपाध्याय, राकेश वदवार, अर्चना अवस्थी, जगदीश सिंह, आलोक गुप्ता, मयूर गर्ग, अरविंद निरंजन, विनय मिश्रा, गंगा बाबू पाल, शैलेंद्र यादव, सुदर्शन शिवहरे, सुरेश गोस्वामी, नवीन राव, राजेंद्र सोनी आदि मौजूद रहे। संचालन संजीव दुबे ने किया, जबकि आभार शारदा दीन ने जताया।