झांसी जिले के मोंठ कस्बे में सोमवार को पुरानी तहसील के पास नूरानी मस्जिद के सामने लोहे के सरिया से लदी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रॉली पलटकर सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रैक्टर पर जा गिरी, जिससे वह भी क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, मोंठ कस्बे के कटरा बाजार निवासी अरुण लोहिया अपने भाई अमन लोहिया के साथ बाइक से गल्ला मंडी से घर जा रहे थे। इसी दौरान पुरानी तहसील के पास नूरानी मस्जिद के सामने लोहे के सरिया से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों की मदद की और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. पवन साहू ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए झांसी रेफर कर दिया गया।