कोरोना का पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद प्रशासन ने ओरछा गेट को हॉटस्पॉट में तब्दील कर दिया है। इसके एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले एक दर्जन से अधिक मुहल्ले सील कर दिए गए हैं। अब 20 हजार लोग पूरी तरह घरों में ही कैद रहेंगे। किसी को भी आने-जाने की इजाजत नहीं मिलेगी। जनपद के ओरछा गेट मुहल्ले में कोरोना वायरस का पहला मामला मिला है। इसके बाद ओरछा गेट को हॉटस्पॉट में तब्दील कर दिया गया है। वहीं, क्षेत्र के आसपास के मुहल्ले छनियापुरा, खुशीपुरा, तालपुरा, ओरछा गेट अंदर और बाहर, कसाई मंडी, तलैया, कुष्टयाना, सुभाषगंज, पंडयाना, धुबियाना, रानीमहल, बकरामंडी, सागर गेट आदि को सील कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में किसी भी व्यक्ति को आने-जाने की अनुमति नहीं है। वहीं, कोरोना पॉजिटिव महिला जिस मुहल्ले में रहती हैं, वहां के लगभग 300 घरों को चिह्नित कर लिया गया है। घरों में किन-किन लोगों से इनकी मुलाकात हुई है, इसका पता लगाने के लिए 12 मेडिकल टीम घर-घर जाकर सैंपल ले रही हैं। मुहल्ला बहुत भीड़भाड़ वाला है। दो महीने पूर्व महिला से राजस्थान के व्यक्ति ने मुलाकात की थी, इसके अलावा कोई भी ट्रेवल हिस्ट्री निकलकर नहीं आई है। महिला न कभी विदेश गई और न ही किसी विदेशी अथवा विदेश से आने वाले व्यक्ति के संपर्क में आईं। जब तक मेडिकल द्वारा एक-एक की जांच नहीं कर ली जाती है, तब तक मुहल्ले सील रहेंगे। इनके संपर्क में आई महिला पति (60), पुत्र (30), पुत्री (35), दामाद (40), नातिन (6), दो जेठ (62 व 60), पांच भतीजे (45, 43, 35, 32 व 30) और तीन डॉक्टर के संपर्क में कोरोना पॉजिटिव महिला संपर्क में आई हैं।
------------ कोरोना पॉजिटिव महिला से दो महीने पहले राजस्थान के किसी व्यक्ति ने मुलाकात की थी। इसके अलावा कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं आई है। महिला के पति, बेटी, दामाद और बेटे को क्वारंटीन किया गया है। सुभाषगंज, ओरछागेट व इनसे सटे मुहल्लों को सील किया गया है। यहां आने-जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।- आंद्रा वामसी, डीएम। --------
ओरछा गेट को हॉट स्पॉट में तब्दील कर दिया गया है। इसके अलावा कपूर टेकरी, छनियापुरा, सुभाषगंज, खुशीपुरा, सैयर गेट, फूटा चोपड़ा, तालपुरा, कुरैश नगर व अन्य मुहल्लों को सील कर दिया गया है। यहां से होकर ओरछा गेट पहुंचने वाले इलाकों में 18 बैरियर लगाकर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। - राहुल श्रीवास्तव, एसपी सिटी।