झांसी। शहर के एक नर्सिंगहोम में डॉक्टर ने महिला के बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान पेट में कपड़ा छोड़ दिया। ऑपरेशन के चार लाख रुपये भी वसूले। घर पहुंचने के कुछ समय बाद महिला के पेट में दर्द शुरू हो गया। जब हालत बहुत खराब हो गई, तब दूसरे डॉक्टर को दिखाया। जांच के दौरान पेट में कपड़ा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद महिला की दोबारा सर्जरी कर कपड़े को निकाला गया। परिजनों ने मुआवजा दिलाकर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ललितपुर के बार ब्लॉक के चंदावली गांव निवासी कृष्णा (31) पत्नी बबलू को परिजन महानगर स्थित एक नर्सिंगहोम में दिखाने के लिए लाए। महिला के जेठ राजकुमार सिंह ने बताया कि डॉक्टर ने बच्चे दानी के ऑपरेशन की सलाह दी। परिजनों ने ऑपरेशन करने पर सहमति जता दी। जनवरी में कृष्णा का डॉक्टर ने ऑपरेशन भी किया। इसके बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया। डॉक्टर ने उपचार के दौरान चार लाख रुपये भी वसूले। कुछ समय बात कृष्णा के पेट में दर्द शुरू हो गया। गांव में ही चिकित्सक से इलाज कराया मगर कुछ राहत नहीं मिली। इसके बाद किसी ने भूत-प्रेत का चक्कर बता दिया तो भी परिजन इधर-उधर भटकते रहे। कहीं से भी राहत नहीं मिलने पर उन्होंने फिर मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित एक नर्सिंगहोम में दिखाया। राजकुमार के मुताबिक टांके वाली जगह से डॉक्टर ने पेट दबाकर देखा तो टांकों को खोलता हुआ कपड़ा निकल आया। इसके बाद डॉक्टर ने सीटी स्कैन जांच भी कराई। इसमें भी कपड़ा होने की पुष्टि हुई। उन्होंने तत्काल ऑपरेशन करने की बात कही। फिर दोबारा ऑपरेशन हुआ और कपड़ा को बाहर निकाला गया। राजकुमार का आरोप है कि उससे पहले वाले नर्सिंगहोम में चार लाख रुपये भी लिए गए और ऑपरेशन में घोर लापरवाही भी की गई। इससे महिला के पेट में संक्रमण फैल गया और आंतों में भी दिक्कत हो गई। इस लापरवाही से महिला की जान भी खतरे में पड़ गई। उन्होंने पहले वाले अस्पताल से मुआवजा दिलाने के साथ ही आरोपी डॉक्टर के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
दलाल सेटिंग कराने में लगा रहा
महिला के जेठ राजकुमार का कहना है कि दूसरी बार ऑपरेशन के पहले उन्होंने मामले की जानकारी पहला ऑपरेशन करने वाली डॉक्टर को भी दी। इसके बाद पहले वाले नर्सिंगहोम ने मामला तूल न पकड़े, इसलिए एक दलाल को सक्रिय कर दिया। वो महिला के परिजनों से डेढ़ लाख रुपये लेकर मामला रफा-दफा करने के लिए दबाव बनाने लगा। मगर परिजनों ने इससे इंकार कर दिया।