नगर निगम के स्मार्ट सिटी मिशन के तहत मैथिलीशरण गुप्त पार्क में बनी ओपन जिम के प्रयोग पर शुल्क लगाया जाएगा। इसके लिए महापौर के निर्देश के बाद शुल्क तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नगर निगम के सदन की बैठक में ओपन जिम में शुल्क लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया था। नगर निगम के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का मानना है कि पार्क में ओपन जिम की फैंसिंग करा दी गई है। लेकिन कोई शुल्क तय न होने से लोग गलत तरीके से ओपन जिम का प्रयोग करते हैं। इसके चलते आए दिन जिम के उपकरण खराब होते हैं। साथ ही उनकी मरम्मत और सुधार में अतिरिक्त व्यय होता है। इसे लेकर पिछले दिनों महापौर रामतीर्थ सिंघल ने भी पार्क के निरीक्षण के दौरान शुल्क की प्रक्रिया तय करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद फाइल दोबारा चलने लगी है। हालांकि पहले जब शुल्क लगाने का प्रस्ताव हुआ था, तो लोगों ने इसका विरोध किया था। लोगों का कहना है कि ओपन जिम के प्रयोग से तमाम लोगों को राहत मिलती है। ऐसे में शुल्क लगने के बाद कई लोग जिम का प्रयोग नहीं कर सकेंगे। अब दोबारा शुल्क लगाने के लिए स्मार्ट सिटी मिशन की बोर्ड बैठक का इंतजार किया जा रहा है। जिसमें यह तय किया जाएगा कि शुल्क की राशि कितनी होगी? माना जा रहा है कि शुल्क लगने के बाद प्रवेश सीमित होगा। साथ ही उपकरणों के रखरखाव का खर्च भी शुल्क से होने वाली आय से किया जा सकेगा। अधिशासी अभियंता अमित शर्मा का कहना है कि ओपन जिम का शुल्क स्मार्ट सिटी की बैठक में तय किया जाना है। इसके लिए एक सप्ताह में बैठक कर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।